29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान ने 23 साल की उम्र में 12.91 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी खरीद ली है। इंडस्ट्री में अक्सर देखा जाता है कि एक्टर्स एक दो फिल्में करने के बाद प्रॉपर्टी वगैरह खरीदते हैं। यहां सुहाना ने डेब्यू से पहले ही इतनी महंगी संपत्ति खरीदी है।
सुहाना की ये प्रॉपर्टी महाराष्ट्र के फेमस अलीबाग आइलैंड पर है। सुहाना के इस प्रॉपर्टी का एरिया 1.5 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें 2,218 स्क्वायर फीट में एक घर भी बना हुआ है। इसके कागजात पर फर्म लैंड लिखा हुआ है, जिसका मतलब ये हुआ कि ये जमीन खेती करने के लिए ली गई है।
स्टाम्प ड्यूटी पर खर्च हुए 77.46 लाख रुपए
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सुहाना की इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 1 जून को हुई है। सिर्फ स्टाम्प ड्यूटी के लिए 77.46 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। सुहाना ने ये प्रॉपर्टी तीन बहनें अंजलि, रेखा और प्रिया खोट से खरीदी है, जिन्हें यह प्रॉपर्टी विरासत में मिली थी।

सुहाना खान की डेब्यू फिल्म The Archies जल्द ही OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
रिपोर्ट्स की माने तो इस इलाके से करीब 12 मिनट की ड्राइव पर शाहरुख खान का अलीबाग वाला आलीशान बंगला है। इस बंगले में भी सारी सुविधाएं मौजूद हैं। शाहरुख अक्सर अपनी बर्थडे पार्टीज वहां मनाते हैं। इसके अलावा छुट्टियों में भी वहां जाते रहते हैं।
शाहरुख खान का ये अलीबाग वाला बंगला सी-फेसिंग है। रिपोर्ट्स की माने ये 19,960 वर्ग मीटर के एरिया में फैला हुआ है। इस आलीशान बंगले में एक हेलीपैड भी है। इस घर का इंटीरियर उनकी पत्नी गौरी खान ने किया है।

शाहरुख खान की कुल संपत्ति 700 मिलियन डॉलर है, जिसकी भारतीय रुपए में कुल कीमत 6289 करोड़ से अधिक है।
रणवीर-दीपिका से लेकर विराट-अनुष्का तक, अलीबाग में है इनकी प्रॉपर्टीज
अलीबाग हमेशा से सेलिब्रिटीज की पहली पसंद रहा है। दीपिका-रणवीर और अनुष्का-विराट भी यहां प्रॉपर्टी खरीद चुके हैं। रणवीर-दीपिका की प्रॉपर्टी की कीमत 22 करोड़ रुपए है। दोनों ने प्रॉपर्टी की स्टांप ड्यूटी के तौर पर 1.32 करोड़ रुपए चुकाए थे।
उनकी ये प्रॉपर्टी अलीबाग के पास मपगांव में है जो कि 9,000 स्क्वायर मीटर में फैली है। वहीं विराट-अनुष्का ने भी पिछले साल 19.24 करोड़ रुपए की कीमत में 8 एकड़ की एक जमीन खरीदी थी। जानकारी के अनुसार दोनों वहां एक शानदार फार्महाउस बनाने की सोच रहे हैं।

रणवीर और दीपिका ने 14 नवंबर 2018 को इटली के लेक कोमो में शादी की थी।
फिल्मों में आने से पहले ही इंटरनेशनल ब्यूटी ब्रांड की एंबेसडर बनी सुहाना
बात सुहाना की करें तो वे हाल ही में न्यूयॉर्क के ब्यूटी ब्रांड मेबेलिन की ब्रांड एंबेसडर बनी हैं। फिल्मों में आने से पहले उनकी पॉपुलैरिटी किसी स्टार से कम नहीं है। इंडस्ट्री के सभी स्टारकिड में उनकी चर्चा सबसे ज्यादा की जाती है।

शाहरुख और गौरी के सबसे बड़े बेटे आर्यन खान हैं। उनका जन्म 1997 में हुआ था। वहीं सुहाना 2000 में जन्मी थीं। शाहरुख के तीसरे बेटे अबराम का जन्म 27 मई, 2013 को सरोगेसी के जरिए हुआ था।
वे शाहरुख खान की इकलौती बेटी हैं। उनका जन्म 2000 में हुआ था। उनका एक बड़ा भाई आर्यन खान और एक छोटा भाई अबराम खान है। उन्होंने न्यूयॉर्क में अपनी पढाई पूरी की है। सुहाना जोया अख्तर की द आर्चीज के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं